
Bhatpar Rani, Deoria : श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के दो गांवों में दीपावली का दीपक जलने से पहले ही दो परिवारों का चिराग बुझ गया। इससे गांवों में दीपावली का पर्व फीका पड़ गया। मार्ग दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। घटना के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम जब पूरे इलाके के लोग अपने दुकानों और मकानों में दीपक जलाने की तैयारियां पूरी कर चुके थे, उसी दौरान शाम लगभग 6 बजे दो बाइकों की टक्कर में दो अलग-अलग गांवों के दो युवकों की मौत हो गई।
बताया जाता है कि श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली कुर्मी टोला गांव निवासी राजा गुप्ता 20 वर्ष, पुत्र अच्छेलाल गुप्ता, किसी कार्यवश अपनी बाइक से कहीं गया था। वहीं श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के ही रहीमपुर गांव निवासी अभिषेक यादव 25 वर्ष, पुत्र दूधनाथ यादव, अपने चचेरे भाई विवेक यादव, पुत्र हंसनाथ यादव, के साथ बाइक से कहीं गया हुआ था। बाइक अभिषेक चला रहा था।
बताया जाता है कि भवानी छापर–प्रतापपुर मार्ग पर श्रीरामपुर थाना और हरेराम चौराहा के बीच दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान अभिषेक यादव और राजा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि विवेक यादव को हल्की चोटें आईं।
अभिषेक और राजा के परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी ले गए। वहां से हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। बताया जाता है कि देवरिया पहुंचने से पहले ही राजा ने दम तोड़ दिया, जबकि अभिषेक ने गोरखपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया और उनके गांवों में मातम छा गया। दीपावली की सारी खुशियाँ गम में बदल गईं। दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रहीमपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि घनश्याम गुप्ता और मिश्रौली के प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुशवाहा ने बताया कि दीपावली के ऐन मौके पर दो युवकों की मौत अत्यंत दुखद है।










