देवरिया : ग्राम पंचायत सचिव की मनमानी के खिलाफ एक्शन में आए डीडीओ

देवरिया। जिले के रामपुर कारखाना ब्लॉक के एक ग्राम पंचायत सचिव का तबादला होने के सवा महीने बाद भी उनके द्वारा मनमानी करते हुए नए सचिव को चार्ज न दिए जाने के प्रकरण को डीडीओ ने गम्भीरता से लिया है।इस सम्बंध में देवरिया डीडीओ अब एक्शन मूड में हैं।उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।

यह प्रकरण पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।बता दें कि पंचायती राज विभाग में अधिकांश अधिकारियों व कर्मचारियों को ऊपरी आमदनी का मोह नहीं छोड़ रहा है।कई कर्मचारी अपने उच्चाधिकारियों के आदेशों को ठेंगा दिखाकर मनचाहे जगह पर रहना पसंद कर रहे हैं।इसका ज्वलंत उदाहरण रामपुर कारखाना ब्लॉक का सामी पट्टी ग्राम पंचायत है, जहां के ग्राम पंचायत सचिव अपनी ट्रांसफर के सवा एक महीने बाद तक नए सचिव को चार्ज नहीं दे रहे हैं।वे ऐन केन प्रकारेण अपने पुरानी तैनाती स्थल पर ही बने रहने की जुगाड़ में हैं।जिला पंचायत राज अधिकारी ने सामी पट्टी के ग्राम पंचायत सचिव रामदयाल को 18 जुलाई 2025 को दूसरे जगह के लिए स्थानांतरित कर दिया था।यहां दिलीप कुमार भारती को नए ग्राम पंचायत सचिव बनाया गया था।

लेकिन सवा एक महीने बाद भी रामदयाल ने नए सचिव को चार्ज नहीं दिया है।इसके चलते गांव का विकास कार्य ठप्प पड़ा हुआ है।वहीं यह प्रकरण जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को चार्ज न देने वाले ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

अब सवाल यह है कि तबादला के सवा एक महीने बाद भी सचिव किसके शह पर मनमानी कर रहे हैं, यह जांच का विषय है।आखिर क्या कारण है कि ग्राम पंचायत सचिव अपने ट्रांसफर के बाद भी अपने उच्चाधिकारी के फरमान को ठेंगा दिखा रहे हैं।इस बाबत पूछे जाने पर जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने कहा कि यह प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं है।यदि ऐसा है तो यह गम्भीर प्रकरण है।इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: देवरिया : भाटपार के हरिनाथ ने श्रीनगर में लहराया परचम, बोट रेस में जीता गोल्ड

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें