
देवरिया। भारतीय जनता पार्टी की बनकटा मंडल अध्यक्ष सीमा कुशवाहा के साथ पुलिस थाने में हुई अभद्रता के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह से मुलाकात कर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है। भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा नेता आनंद प्रकाश शाही, नगर मंडल अध्यक्ष रमेश वर्मा, बैतालपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, अंकुर राय, पडरी बाजार मंडल अध्यक्ष मनोज वर्मा, दुर्गेश सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, अमित सिंह, यशवंत शाही, महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सीमा जायसवाल ने संयुक्त रूप से अविलंब कार्यवाही की मांग की।
नेताओं ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मी थाने में सुनवाई के बजाय मौज मस्ती और बिरयानी खा रहे थे, ऐसे में मंडल अध्यक्ष द्वारा हंसने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया जो अत्यंत निंदनीय है। नेताओं ने 2 दिनों के अंदर कार्यवाही करने की मांग करते हुए कहा है कि यदि ठोस कार्यवाही नहीं की गई तो इस विषय को उच्चाधिकारियों और पार्टी के उचित फोरम पर रखते हुए विरोध दर्ज कराया जाएगा।
भाजपा नेता आनंद शाही ने कहा कि केवल जन नेता ही नहीं आम जन से भी उचित व्यवहार करने के लिए पुलिस कर्मियों को तत्पर रहना चाहिए और ऐसा ही पुलिस मैनुअल कहता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ संवेदनशील तरीके से पेश आना चाहिए ऐसा न करने पर संगठन उचित तरीके से कार्यवाही हेतु संकल्पित है।
नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












