
Deoghar Accident : झारखंड के देवघर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में पांच कांवड़ियों की जान चली गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा सुबह साढ़े चार बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुआ, जब एक बस और गैस सिलेंडर लेकर जा रहे वाहन की भिड़ंत हो गई।
पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है और घायल यात्रियों का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय एक 32 सिट वाली बस जमुनिया जंगल के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, और हताहतों की संख्या अभी बढ़ने की आशंका है क्योंकि कई घायलों की स्थिति नाजुक है। जिला प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए घायलों को नजदीकी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाने की व्यवस्था की है।
वहीं, यातायात पुलिस के उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मृत्यु हुई है। हादसे में मृतकों और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
यह भी पढ़े : जौनपुर : कांशीराम शहरी आवास का जर्जर बारजा गिरा, बाल-बाल बचे लोग