
Delhi News : उत्तर-पश्चिम दिल्ली में स्कूटर चलाते हुए कई लड़कियों से छेड़छाड़ करने के आरोपी 31 वर्षीय सुरक्षा गार्ड कंगकन नाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पिछले 15 दिनों में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली और दिल्ली परिवहन विभाग के एक लाख से अधिक स्कूटरों के डेटा का विश्लेषण किया। आरोपी असम के नलबाड़ी का निवासी है और दिल्ली में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने कहा कि यह मामला हैरान करने वाला और परेशान करने वाला है। लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात व्यक्ति ही बार-बार छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को एक युवती की शिकायत पर मॉडल टाउन थाने में उस पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था।
युवती ने बताया था कि एक अज्ञात स्कूटर सवार ने दो दिन के भीतर रास्ते में चलते समय उसके साथ छेड़छाड़ की है। शुरुआत में घटनास्थल से कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद, डेढ़ लाख से अधिक स्कूटरों के परिवहन विभाग के आंकड़ों का विश्लेषण कर एक स्कूटर को चिन्हित किया गया, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया।
इसके बाद, अधिकारियों ने मॉडल टाउन, मुखर्जी नगर, सिविल लाइंस, आदर्श नगर और भारत नगर क्षेत्रों में लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक और पीड़िता सामने आई और आरोपी के बारे में अतिरिक्त जानकारी दी। पुलिस का मानना है कि लोकलाज के कारण कई पीड़िताएं सामने नहीं आई हैं। लगातार तकनीकी जांच और अन्य उपायों के बाद, पुलिस ने नाथ को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया
पुलिस उपायुक्त सिंह ने बताया कि शुरू में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार करने से इनकार किया, लेकिन जब उसे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत दिखाए गए, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल स्कूटर उसके मालिक के नाम पंजीकृत है और आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। मामले की जांच अभी जारी है।
यह भी पढ़े : Chamoli Cloudburst : उत्तराखंड के चमोली में फटा बादल, मलबे के साथ बहे 6 लोग; बचाव अभियान शुरू