
Delhi New CM : दिल्ली में नई सरकार के गठन को लेकर अहम जानकारी सामने आ रही है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, 18 फरवरी को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण हो सकता है। यह समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी विधायक दल की बैठक 17 फरवरी को होगी।
रामलीला मैदान, जो दिल्ली के एक विशाल और ऐतिहासिक स्थल के रूप में जाना जाता है, परंपरागत रूप से रामलीला के आयोजन के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा, यह स्थल धार्मिक उत्सवों, प्रमुख राजनीतिक रैलियों और मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए भी उपयोग किया जाता है। यह मैदान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और दिल्ली गेट के पास स्थित है, और इसमें लगभग 1 लाख लोगों की क्षमता है।
नई दिल्ली के मुख्यमंत्री का चुनाव 48 बीजेपी विधायकों में से ही किया जाएगा। मोहन सिंह बिष्ट, जो इस बार छठी बार विधायक बने हैं, ने कहा कि दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का चयन इन 48 विधायकों के बीच से होगा। इसके साथ ही मुस्तफाबाद विधायक ने अल्पसंख्यक बहुल इलाके का नाम बदलकर शिव विहार या शिव पुरी रखने के अपने प्रस्ताव को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि इस इलाके में 42 प्रतिशत अल्पसंख्यक और 58 प्रतिशत हिंदू समुदाय के लोग रहते हैं, इसलिए जनता की भावना का सम्मान करना चाहिए।
दिल्ली में लगभग 27 सालों बाद बीजेपी को सत्ता मिली है। विधानसभा की 70 सीटों में से 48 सीटों पर बीजेपी ने विजय प्राप्त की, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को केवल 22 सीटें मिलीं। कांग्रेस का खाता भी तीसरी बार नहीं खुला। बीजेपी के सामने सरकार गठन के बाद कई चुनौतियां हैं, और आम आदमी पार्टी ने यह सुनिश्चित करने की बात की है कि बीजेपी अपने सभी वादों को पूरा करे।















