Delhi Double Murder : महिला व उसके कथित प्रेमी की चाकू गोदकर हत्या, पति घायल

Delhi Double Murder : नई दिल्ली के मध्य जिले के नबी करीम इलाके में शनिवार देर रात प्रेम प्रसंग के विवाद में एक महिला और उसके कथित प्रेमी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान अमरपुरी, नबी करीम निवासी आशू उर्फ शैलेन्द्र (34) और प्रताप नगर निवासी शालिनी (22) के रूप में हुई है। शालिनी का घायल पति आकाश (23) अस्पताल में भर्ती है। शालिनी गर्भवती थी, घटना में गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:15 बजे, आकाश अपनी पत्नी शालिनी के साथ शालिनी की मां शीला से मिलने क़ुतुब रोड, नबी करीम पहुंचा था। उसी दौरान आशू वहां आया और आकाश पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। आकाश किसी तरह बच गया लेकिन आशू ने ई-रिक्शा में बैठी शालिनी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। पत्नी पर हमला देख आकाश उसे बचाने दौड़ा तो आशू ने उस पर भी चाकू से वार किया।

बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान आकाश ने आशू को काबू में कर लिया और उसी चाकू से उस पर पलटवार कर दिया। घायल अवस्था में तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने शालिनी और आशू को मृत घोषित कर दिया। आकाश का इलाज जारी है।

शालिनी की मां शीला के मुताबिक, शालिनी और आकाश की शादी हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। शालिनी गर्भवती थी। कुछ समय पहले शालिनी का संबंध आशू से था और वह उससे लिव-इन में भी रही थी। बाद में उसने आशू को छोड़कर दोबारा पति आकाश के साथ रहना शुरू किया था जिससे आशू नाराज था। आशू खुद को शालिनी के गर्भ का पिता बताता था, जिससे दोनों पुरुषों के बीच तनाव चल रहा था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आशू थाना नबी करीम का घोषित बदमाश (बीसी) था। जबकि आकाश के खिलाफ भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़े : Bihar Chunav : NDA को लगा बड़ा झटका! लोजपा प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द, अब क्या करेंगे चिराग?

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें