दिल्ली : नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या का खुलासा, 3 सगे भाई गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने नरेला औद्योगिक क्षेत्र इलाके में एक मर्डर के मामले का खुलासा करते हुए 3 सगे भाइयों को बिहार के बेगूसराय जिले से गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी, जो पूरी तरह से साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष, राजेश उर्फ हड्डी और राजा के रूप में हुई है, ये तीनो आपस में सगे भाई हैं, जो वारदात के बाद से फरार हो गए थे। इस मामले में डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि 20 सितंबर 2025 को जेजे कॉलोनी बवाना में दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया गया था। शिकायतकर्ता अकबर के अनुसार आरोपी मनीष और राजेश ने पहले उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। उसी रंजिश के चलते मनीष अपने दोनों भाइयों और अन्य साथियों के साथ अकबर और उसके दोस्तों पर हमला करने पहुंच गया था। इस हमले में अकबर के करीबी दोस्त बादशाह को कई बार चाकू मारे गए थे, जिसके बाद बादशाह की मौत हो गई थी। इस घटना के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना नरेला औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान तीनों भाइयों की भूमिका सामने आई थी। अदालत से आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।


डीसीपी ने कहा कि तीनो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। दिल्ली शहर को छोड़कर आरोपी बिहार में छिप गए थे। क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक गठित टीम द्वारा बिहार के बेगूसराय में दबिश दी गई थी, जहां तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली है।


डीसीपी कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी मनीष पर पहले से 35 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य साथियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें