
Delhi Ashram Scandal : दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक प्रसिद्ध आश्रम में चल रहे गंभीर अनैतिक कृत्यों का पर्दाफाश हुआ है। आश्रम की काली सच्चाई सामने आते ही हड़कंप मच गया है। यहां पढ़ने वाली 17 छात्राओं ने संचालक स्वामी चैतन्यानंद पर छेड़छाड़ और यौन शोषण के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
स्वामी चैतन्यानंद ने 17 छात्राओं से की छेड़छाड़
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, आश्रम में करीब 35 से अधिक छात्राएं पढ़ रही हैं, जिनमें से 17 ने अपने बयान में बताया कि स्वामी चैतन्यानंद ने उनके साथ अश्लील हरकतें कीं, आपत्तिजनक संदेश भेजे और जबरन शारीरिक संपर्क बनाने का प्रयास किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली हैं और संस्थान से मिले हार्ड ड्राइव को एफएसएल जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही, 16 पीड़िताओं के बयान अदालत में भी दर्ज कराए गए हैं। आरोपी स्वामी चैतन्यानंद फिलहाल फरार है, और उसकी तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी है। उसकी आखिरी लोकेशन आगरा और आसपास के इलाकों में मिली है।
शृंगेरी मठ और उसकी प्रबंधन समिति ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्वामी चैतन्यानंद का कार्यकाल अवैध था और उसके खिलाफ पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई थी। आश्रम ने यह भी स्पष्ट किया कि पीठ ने उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है और अब उसकी गतिविधियों में कोई संलिप्तता नहीं है। आश्रम का दावा है कि छात्राओं और उनके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी, और आश्रम का संचालन नियमों के अनुरूप है।
आश्रम की महिला स्टाफ भी छात्राओं पर बनाती थी दबाव
4 अगस्त 2025 को पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप है कि स्वामी चैतन्यानंद ने ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप पर पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कर रही छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें कीं। अब तक 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 17 ने बताया कि आरोपी ने उनके साथ अश्लील भाषा का प्रयोग किया, आपत्तिजनक संदेश भेजे और जबरन शारीरिक संपर्क का प्रयास किया। साथ ही, आरोप है कि संस्थान की कुछ महिला फैकल्टी और स्टाफ ने भी आरोपी का साथ दिया और छात्राओं पर दबाव बनाया।
फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी ने अपनी महंगी वॉल्वो कार पर फर्जी यूएन नंबर प्लेट “39 UN 1” लगाई थी। जब पुलिस ने इस नंबर की जांच कराई, तो पता चला कि ऐसा कोई नंबर जारी ही नहीं किया गया है। आरोपी ने स्वयं ही कार पर यह फर्जी नंबर लिखा था। वर्तमान में, पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
फरार है आरोपी स्वामी चैतन्यानंद
आरोपी स्वामी चैतन्यानंद फिलहाल फरार है, और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। मामले की जांच सभी दृष्टिकोण से की जा रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी की आखिरी लोकेशन आगरा और आसपास के इलाकों में मिली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े : ‘अपने नागरिकों पर बम गिराने से फुर्सत मिले तो..’ UN में भारत ने पाकिस्तान को सुनाया