
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटिंग के बाद शनिवार को एग्जिट पोल जारी किए गए। एग्जिट पोल में बीजेपी को झटका लगता दिखाई दे रहा है। एग्जिट पोल के नंबरों से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर बहुमत हासिल कर सकती है। 70 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए 36 का आंकड़ा जरूरी है।
रिपब्लिक चैनल ने अपने एग्जिट पोल में अनुमान जताया है कि आम आदमी पार्टी को 48-61 सीटें मिल सकती है। भाजपा 9-21 सीटें और कांग्रेस 0-1 से जीत सकती है।
टाइम्स नाउ-आईपीएसओएस ने भी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 एग्जिट पोल के आंकड़ों की घोषणा की है। टाइम्स नाउ-आईपीएसओएस के अनुसार, AAP को 44 विधानसभा सीटें मिसने ता अनुमान है। बीजेपी 26 सीटें जीत सकती है और कांग्रेस को एक भी सीट मिलती दिखाई नहीं दे रही है।
सुदर्शन न्यूज के किए गए एग्जिट पोल में भी AAP की सरकार बन रही है। सुदर्शन न्यूज का अनुमान है कि आम आदमी पार्टी 40-45 विधानसभा सीटें जीतकर दिल्ली में सत्ता को बरकरार रखेगी। भाजपा को 24-28 सीटें और कांग्रेस को 2-3 सीटें मिल सकती है।
इंडिया टीवी के एग्जिट पोल रिजल्ट ने भी अनुमान जताया है कि AAP बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगी। 70 सदस्यीय विधानसभा में AAP को 44 सीटें मिलने का अनुमान है और 2015 के चुनावों में 3 सीटें हासिल करने वाली भाजपा को 26 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस का खाता इस बार भी खुलता दिखाई नहीं दे रहा है। इंडिया टीवी का एग्जिट पोल में एक भी सीट नहीं मिलने का अनुमान जताया गया है।














