
देहरादून। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद महिला कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। कांग्रेसियों ने इस दौरान जोरदार नारेबाजी की, और कुछ कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। महिला कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा आरोप लगाया।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी शामिल हुए और उन्होंने भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। हंगामे के दौरान पुलिस ने ज्योति रौतेला, हरक सिंह रावत और अन्य कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।