
देहरादून। उत्तराखंड के दून अस्पताल में बनी एक अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई सीएम पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज होने के बाद की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि यहां पर आने वाले लोगों को इस्लाम के नाम पर बरगलाने की कोशिश की जा रही थी।
रात के समय बुलैडोजर के माध्यम से मजार को ध्वस्त किया गया। जांच के दौरान यह पता चला कि मजार सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से बनाई गई थी। ध्वस्त की गई मजार से मिले मलबे में सिर्फ ईंटें और अन्य निर्माण सामग्रियाँ पाई गईं, जबकि कोई धार्मिक अवशेष नहीं मिले।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि डीएम देहरादून ने इस मामले की जांच के लिए नगर प्रशासन को निर्देशित किया था, जिसके फलस्वरूप राजस्व, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, दून अस्पताल प्रशासन और अन्य विभागों द्वारा दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं, और यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस तरह की अवैध स्थापनाएँ भविष्य में फिर से बनेंगी या नहीं।