
देहरादून : सावन के शिवरात्रि के पर्व पर शिव मंदिरों में भक्त उत्साह के साथ जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। यह दिन महादेव की कृपा प्राप्त करने के लिए बेहद खास माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन व्रत करने से महादेव मुरादें पूरी करते हैं और शुभ फल की प्राप्ति होती है। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णागिरी महाराज ने बताया कि सावन महीने की शिवरात्रि को शिव पूजन व जलाभिषेक का खास महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन शिवलिंग का जलाभिषेक करने व पूजा-पाठ करने के साथ व्रत करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। हिंदू धर्म में भगवान शिव की चार प्रहर में पूजा अत्यंत शुभ व लाभकारी मानी गई है। हरिद्वार, ऋषिकेश सहित प्रदेश के विभिन्न मंदिरों के साथ-साथ टपकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है।