महिला की हत्या कर गायब किया गया शव, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

कुशीनगर के बरवा पट्टी थाना क्षेत्र के बीचपटवा की घटना

कुशीनगर । बरवापट्टी थाना क्षेत्र के गांव बीचपटवा निवासी महिला की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए महिला के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। सीओ ने गांव में पहुंचकर मामले की जानकारी ली और मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दिए। घटना सोमवार रात की बतायी जा रही है। ससुराल पक्ष के लोग घर में ताला बंद कर फरार हैं।
बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के भितहा थाना क्षेत्र के खैरवा गांव निवासी श्याम चौबे ने मंगलवार को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री संध्या की शादी 10 वर्ष पूर्व बीचपटवा गांव निवासी अमित दुबे पुत्र अच्युतानंद उर्फ चुमन दुबे के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। इसे लेकर बेटी के ससुराल वालों से कई बार वार्ता हुई पर उनके व्यवहार में बदलाव नहीं आया।
सोमवार रात को संध्या का मोबाइल बंद मिला। अनहोनी की आशंका पर मंगलवार सुबह जब बेटी के घर आया तो घर में ताला बंद मिला। आसपास के लोगों से बात की पर ससुराल वालों का कोई पता नहीं चला। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के स्वसुर अच्युतानंद उर्फ चुमन दुबे, सास राधिका देवी, ननद रिंकी व पति अमित दुबे ने मिलकर सोमवार रात को उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया है।
सीओ तमकुहीराज फूलचंद कन्नौजिया ने गांव पहुंच लोगों से जानकारी ली। सीओ ने एसएचओ को मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दिए। एसएचओ सुरेश चंद्र राव ने बताया कि तहरीर मिली है। उपरोक्त अभियुक्तों के खिलाफ अपराध संख्या 12 /22 की धारा 498 ए, 302, 201, 3 व 4 दहेज प्रतिशोध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही हैं । ससुराल पक्ष के लोग कहां हैं, यह पता किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें