
धर्मशाला : तिब्बती धर्मगुरु एवं नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की।
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में दलाई लामा ने लिखा कि भारत में सबसे लंबे समय तक रहने वाले अतिथि के रूप में उन्होंने देश में हाल के वर्षों में हुए विकास और समृद्धि को प्रत्यक्ष रूप से देखा है। उन्होंने मोदी के बढ़ते आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भारत की सफलता वैश्विक विकास में योगदान देती है।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं को भारत का गौरवशाली संदेशवाहक मानते हैं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में धार्मिक बहुलवाद की परंपरा की प्रशंसा करते हैं। दलाई लामा के अनुसार, भारत आज विश्व के लिए सद्भाव और स्थिरता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
पत्र में उन्होंने लिखा कि तिब्बतियों के लिए भारत न केवल आध्यात्मिक विरासत का स्रोत रहा है, बल्कि पिछले 66 वर्षों से भौतिक घर भी है। उन्होंने भारत सरकार और भारतवासियों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता और आभार प्रकट किया।