CWC Meeting : बैठक में मल्लिकार्जुन ने केंद्र सरकार पर बोला हमला, कहा- ‘डबल इंजन सरकार में अब इंजन धुआं फेंक रहा’

CWC Meeting : आज बिहार की राजधानी पटना में पहली बार कांग्रेस कार्य समिति की विस्तारित बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं के साथ देश और बिहार की राजनीति, चुनौतियों, संकटों और उनके समाधान पर चर्चा हो रही है। हालांकि, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का पटना दौरा रद्द हो गया है।

राहुल गांधी ने बैठक के दौरान बिहार के हालात को लेकर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से बिहार की जनता के साथ लगातार अन्याय और शोषण हुआ है। केंद्र और राज्य में बैठे सत्ताधारियों ने बिहार की संभावनाओं को कुचल दिया है, जबकि यहां के लोग मेहनतकश और प्रतिभाशाली हैं। महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर ने बताया कि राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि बिहार शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और उद्योग जैसे बुनियादी क्षेत्रों में पिछड़ा क्यों है? इसका जवाब सत्ता में बैठे नेताओं की नीतियों में छुपा है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार को योजनाबद्ध तरीके से उपेक्षित किया गया है। किसान और मजदूर मजबूरी में पलायन कर रहे हैं, युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां के प्राकृतिक संसाधनों और मेहनत करने वाले लोगों में अपार क्षमता है, लेकिन बिहार को आज देश के सबसे पिछड़े राज्यों में रखा गया है। कांग्रेस की सरकार आने पर बिहार को उसका अधिकार और न्याय मिलेगा, उन्होंने भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने केंद्र की नीतियों पर भी हमला बोला, जिसमें बाढ़ और जाति जनगणना जैसे मुद्दे भी शामिल हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार में अब इंजन धुआं फेंक रहा है, और उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दीर्घायु होने की कामना की, लेकिन भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारत वर्तमान में मोदी सरकार की नाकामियों और कूटनीतिक विफलताओं का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि 1921 में स्थापित सदाकत आश्रम कांग्रेस के स्वाधीनता आंदोलन का केंद्र था, और आज हमें लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

खरगे ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे अपने ‘मित्रों’ को भारत को संकट में डालने का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र का आधार हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, नोटबंदी, जीएसटी समेत अर्थव्यवस्था की समस्याओं का समाधान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों में आमदनी नहीं बढ़ी, बल्कि महंगाई बढ़ी है, जिससे लोग अधिक खर्च नहीं कर पा रहे हैं।

बैठक का शुभारंभ सदाकत आश्रम परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हुआ। कांग्रेस नेताओं ने अपने जोश और उत्साह के साथ इस बैठक का स्वागत किया, जिसमें मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और अन्य केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेता शामिल हुए।

यह भी पढ़े : Delhi : आश्रम में बाबा का गंदा खेल! 17 छात्राओं का यौन शोषण, वॉर्डन करवाती थी मुलाकात, संचालक स्वामी चैतन्यानंद करता था छेड़छाड़

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें