
– पुलिस महकमें में मचा हड़कंप, थाना को कराया गया सेनिटाइजेशन
– उन्नाव में मामा है मुख्य आरक्षी, वह भी हैं संपर्क में, भेजी गयी सूचना
कानपुर )। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन एक महिला दरोगा के पिता में कोरोना की पुष्टि से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। महिला अपने पिता के साथ रहती है और उसकी पोस्टिंग रेल बाजार थाना है। यहां पर 85 पुलिसकर्मी महिला दरोगा के संपर्क में आये हैं और सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार को पूरा थाना सेनिटाइजेशन कराया गया।
अनवरगंज निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, उसकी जांच एक निजी लैब से हुई है। पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग ने उसे हैलट अस्पताल के कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया है। इसके साथ ही सैंपल लेकर उसकी दूसरी जांच करायी जा रही है। पुलिस विभाग को जब पता चला कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की बेटी जनपद के रेल बाजार थाना में दरोगा है तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, क्योंकि महिला दरोगा अपने पिता के साथ ही रहती थी।
थाने में इंस्पेक्टर सहित 85 पुलिसकर्मी हैं और सभी लोग महिला दरोगा के संपर्क में आये हैं। ऐसे में थाना में खलबली मची हुई है और इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने आलाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। जिसके बाद आलाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी और आज पूरे थाना को सेनिटाइजेशन कराया गया। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग कल सभी 85 पुलिसकर्मियों की थर्मल स्क्रीनिंग करेगा। इसके साथ ही यह भी पता चला है कि महिला दरोगा का मामा उन्नाव जनपद में मुख्य आरक्षी है। कानपुर पुलिस ने उन्नाव पुलिस को भी जानकारी दे दी है, क्योंकि हाल ही में वह कानपुर आया था और कोरोना पॉजिटिव पाये गये मरीज के साथ भी रहा था।











