हल्द्वानी में कांग्रेस का हल्ला बोल – बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ धरना प्रदर्शन

हल्द्वानी : उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल में हुए अपहरण और फायरिंग प्रकरण समेत बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को हल्द्वानी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क पहुंचकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

इस धरने का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। दिनदहाड़े अपहरण, हत्याएं और लूट की घटनाएं हो रही हैं। महिला अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है और केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार महिला अपराध में उत्तराखंड शीर्ष पर है।

करन माहरा ने कहा कि नैनीताल पंचायत चुनाव के दौरान हुए अपहरण और फायरिंग कांड में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा और सरकार के दबाव में काम कर रही है और विरोध करने वालों को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में जनता सरकार को इसका जवाब देगी।

विधायक सुमित हृदयेश ने नैनीताल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान नेता प्रतिपक्ष और चुने हुए विधायकों के साथ मारपीट की गई, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में कांग्रेसियों ने राज्य सरकार और नैनीताल पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ये भी पढ़े – Tehri :  महिला समूह ने किया मॉरीशस के प्रधानमंत्री का अभिनंदन

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें