
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में कांग्रेस ने शहर की खराब सड़कों और गड्ढों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन शुरू किया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में कांग्रेस कार्यकर्ता अशोक शर्मा के नेतृत्व में सड़क टूटने या गड्ढे बनने वाले स्थानों पर जाकर वहां थाल में दीया-बत्ती जलाकर पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक मदन कौशिक की आरती कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन में कार्यकर्ता लोगों को प्रसाद के रूप में मिठाई भी बांट रहे हैं। कांग्रेस का तंज यह है कि पांच स्तर की सरकार (केंद्र, राज्य, सांसद, विधायक और नगर निगम) होने के बावजूद सड़कें अभी भी गड्ढों से भरी हुई हैं। अशोक शर्मा ने कहा कि शहर की सड़कें इतनी खराब हैं कि आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
भाजपा ने इस प्रदर्शन को राजनीतिक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल की स्थिति याद रखनी चाहिए। भाजपा नेता विकास तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 अक्टूबर तक पूरे राज्य को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं और मरम्मत का कार्य तेज़ी से चल रहा है।
कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर सरकार गंभीर होती तो मुख्य सड़कों पर गड्ढे महीनों से नहीं पड़े होते। अशोक शर्मा ने चेतावनी दी कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक शहर की सड़कें दुरुस्त नहीं हो जातीं।
हरकी पौड़ी, ज्वालापुर, भीमगौड़ा, कनखल और औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल की सड़कें गड्ढों और टूट-फूट से प्रभावित हैं, जिससे न केवल स्थानीय नागरिक बल्कि श्रद्धालु भी परेशान हैं। यही वजह है कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को जनता तक सीधे पहुँचाने का अनोखा तरीका अपनाया है।