
यमुनानगर। लंबे अटकलों के बाद कांग्रेस ने नौ साल के इंतजार के बाद अपने नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। देर रात जारी की गई पार्टी सूची के अनुसार, शिवपुरी कॉलोनी की हाउसिंग सोसायटी निवासी देवेंद्र सिंह को शहरी जिलाध्यक्ष और गंदापुरा गांव निवासी नरपाल सिंह को ग्रामीण जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
दोनों को पहली बार यह पद मिला है, लेकिन दोनों पार्टी के पुराने और अनुभवी चेहरे हैं। खास बात यह है कि दोनों सांसद कुमारी सैलजा के समर्थक खेमे से ताल्लुक रखते हैं। जिले में जिलाध्यक्ष पद के लिए लगभग 80 नामों की सूची बनाई गई थी, जिसके बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया था। कई उम्मीदवार तो इस पद की दौड़ में दिल्ली तक पहुंच गए थे।
नवनियुक्त शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि वे लगातार दो कार्यकाल तक वार्ड चार से पार्षद रहे और जिला जनरल सेक्रेटरी के रूप में भी पार्टी के लिए काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वे पार्टी को मजबूत करने में पूरी मेहनत करेंगे।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह ने कहा कि वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं। हालांकि उन्होंने इस पद की इतनी बड़ी जिम्मेदारी की उम्मीद नहीं की थी, लेकिन अब वे इसे हासिल कर पार्टी को और अधिक मजबूती देने का प्रयास करेंगे।