यूपी में ठंड का कहर: 24 घंटे में मिल सकती राहत, आजमगढ़ बना सबसे ठंडा जिला

Lucknow : यूपी में सर्दी का सितम जारी है। कई जिलों में तापमान तेजी से गिरा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बीते 24 घंटों में कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे सर्दी से हल्की राहत मिल सकती है। वहीं, बीते 24 घंटों में आजमगढ़ यूपी का सबसे ठंडा शहर रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर से भीषण ठंड की चेतावनी जारी की है।

मौसम वैज्ञानिकों ने जारी किया यह अलर्ट:

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इससे सुबह-शाम के समय ठंडक से राहत मिल सकती है। धूप निकलने से भी लोगों को कुछ हद तक आराम मिलेगा। हालांकि कई जिलों में सुबह कोहरे का कहर जारी रहेगा।

कैसा रहेगा मौसम:
सोमवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और श्रावस्ती में सुबह-शाम के समय मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके अलावा अन्य जगहों पर हल्का कोहरा छाया रह सकता है।

लखनऊ के मौसम पर एक नजर:
राजधानी लखनऊ में पिछले दो दिनों से दिन के समय धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है। सुबह और रात के समय ठंडक जारी है। शनिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को सुबह और शाम हल्का कोहरा रहेगा, दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने की संभावना है।

आजमगढ़ सबसे ठंडा:
शनिवार को उत्तर प्रदेश का आजमगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। वहीं, सर्वाधिक अधिकतम तापमान कानपुर नगर में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।

मौसम वैज्ञानिक क्या बोले:
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले 24 घंटों तक प्रदेशवासियों को भीषण सर्दी से राहत मिलने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज होने की संभावना है।

वाराणसी का मौसम:
वाराणसी में आज मौसम पूरी तरह से साफ है। घाटों पर लोगों की चहल-पहल देखने को मिल रही है। वर्तमान में 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है, जिससे गलन के साथ ठंड महसूस हो रही है। शहर का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, AQI 211 है। मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण अब तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें