ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें : कई राज्यों में शीतलहर, कोहरा और भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली । देश के करीब 10 राज्य ऐसे हैं जहां शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। जबकि कुछ राज्यों में घना कोहरा और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट आएगी। इससे ठंड और बढ़ेगी। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में घना कोहरा अगले 24 घंटे के दौरान भी जारी रहेगा। 9-10 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश हो सकती है। 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कश्मीर घाटी में ठंड लगातार बढ़ रही है। कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि पहलगाम में यह माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

अगले 24 घंटों में कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है। मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 09-12 दिसंबर के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में शीतलहर की स्थिति रहने की बहुत संभावना है। सुबह के शुरुआती घंटों में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा भी पड़ सकता है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में भी शीतलहर में तेजी से वृद्धि हो रही है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में ठंड की स्थिति देखी गई। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर 5-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट और गुरदासपुर (पंजाब) में दर्ज किया गया।

इन राज्यों में घना कोहरा
अगले 24 घंटे के दौरान 9 से 12 दिसंबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा पड़ेगा। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा पड़ सकता है। यूपी, बिहार, बंगाल, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में भी सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा पड़ सकता है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद की हवा हुई जहरीली

 उत्तर प्रदेश का नोएडा मंगलवार को देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे होने के बावजूद यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 305 और ग्रेनो का 286 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा देश का पांचवां सबसे प्रदूषित शहर रहा।

गाजियाबाद की एक्यूआई 294 रही। तीनो शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सख्ती के तमाम दावों के बावजूद शहर की हवा सुधरने का नाम नहीं ले रही है। रात का गिरता तापमान सर्दी बढ़ा रहा है। इस सीजन का सबसे कम तापमान मंगलवार को रहा। न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हवा की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। दृश्यता 2 किमी रही। सर्द हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से छाई हल्की धुंध ने मौसम में ठंडक ला दी है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें