
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी वन महोत्सव-2025 को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में बड़ा ऐलान किया है। इस वर्ष का वृक्षारोपण महाअभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम होगा, बल्कि यह एक जनांदोलन का स्वरूप भी लेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बार प्रदेश की कुल जनसंख्या से अधिक पौधे एक दिन में लगाए जाएंगे। इस अभियान की थीम “एक पेड़ मां के नाम” रखी गई है, जो इसे भावनात्मक और सामाजिक दोनों स्तरों पर जोड़ता है।
अब तक 204 करोड़ से ज्यादा पौधे रोपे
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से 2024 के बीच राज्य में 204.92 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। भारतीय वन सर्वेक्षण (देहरादून) की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हरित क्षेत्र में 3 लाख एकड़ से अधिक की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इस बार 35 करोड़ पौधों का लक्ष्य
- वन महोत्सव 2025 के तहत 35 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा, जो प्रदेश की आबादी से भी अधिक है।
- वन विभाग 12.6 करोड़ और अन्य विभाग 22.4 करोड़ पौधे लगाएंगे।
- 52.43 करोड़ पौधे पहले से तैयार हैं, जो विभिन्न विभागीय और निजी पौधशालाओं में उपलब्ध हैं।
हर नवजात को मिलेगा ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वन महोत्सव की अवधि में जन्मे हर नवजात को “ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट” प्रदान किया जाए और उसके परिजनों को एक पौधा भेंट किया जाए।
स्कूल, अस्पताल और उद्योगों में होंगे पौधारोपण
- प्रोजेक्ट अलंकार के तहत स्कूलों में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे।
- सभी मेडिकल कॉलेजों व जिला अस्पतालों में सहजन जैसे छायादार पौधे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे।
- औद्योगिक इकाइयों और गो-आश्रय स्थलों पर भी नीम, पीपल, पाकड़ जैसे छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।
एक्सप्रेसवे और नदियों के किनारे भी लगेंगे पौधे
- सभी एक्सप्रेसवे के किनारे हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी।
- नदियों के दोनों किनारों और तालाबों के चारों ओर पौधारोपण होगा।
- नदियों का चैनलाइजेशन किया जाएगा और जलस्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जनभागीदारी को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने अभियान को जन सहयोग से सफल बनाने का आह्वान किया है। इसके तहत—
- नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरियां, और फोटोग्राफी जैसे आयोजन होंगे।
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के सभी लाभार्थियों से कम से कम एक पौधा लगवाने का प्रयास किया जाएगा।
जियो टैगिंग और फेंसिंग की व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर लगाए गए पौधे की जियो टैगिंग कराई जाए और उनकी सुरक्षा के लिए फेंसिंग की समुचित व्यवस्था की जाए।