सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी सौगात, मानदेय में बढ़ोतरी और मिलेगा स्मार्टफोन

CM Yogi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा के साथ-साथ स्मार्टफोन वितरण का भी ऐलान किया। पूरे प्रदेश के सभी 75 जिलों में 20,324 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने नारी सशक्तिकरण की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला और कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की करीब चार लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मान स्वरूप उपहार दिए। उन्होंने कहा कि इन बहनों की सेवाओं का सम्मान किया जाएगा, उनका प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा और समय पर मानदेय दिया जाएगा ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

सीएम योगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धार जिले के ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत की। इस दौरान वे राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 20,324 स्वास्थ्य शिविरों की शुरुआत की और विभिन्न जांचें निशुल्क कराई। साथ ही, बच्चों को तिलक लगाकर अन्नप्राशन कराया और गर्भवती महिलाओं को गोदभराई की रस्म के साथ फलों की टोकरी भी भेंट की।

योगी ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर उनके साथ जुड़ रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना, कन्या सुमंगला और नारी शक्ति वंदन जैसी योजनाएं चलाई गई हैं। अब तक, 1.89 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों और 10 लाख महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि टेक होम राशन (टीएचआर) प्लांट्स से 60 हजार बहनें हर महीने करीब आठ हजार रुपये कमा रही हैं। नेफेड के सहयोग से यह आय और बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने संभव अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, अभिभावकों और ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री बेबीरानी मौर्य, मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, प्रतिभा शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश में 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का सफल आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्होंने 65 साल तक देश पर राज किया, वे अमेठी में एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं बना सके, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने केवल आठ साल में यह काम पूरा कर लिया। उन्होंने कहा कि इसी साल 50 सीटों पर मेडिकल कॉलेज में दाखिले शुरू होंगे। साथ ही, तिलोई विधानसभा क्षेत्र के विधायक और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की भी सराहना की, जिन्होंने अपने निजी संपत्ति का योगदान देकर मेडिकल कॉलेज के निर्माण में बड़ा योगदान दिया।

यह भी पढ़े : राहुल गांधी ने फोड़ा हाईड्रोजन बम! कहा- 6018 वोट डिलीट किए गए, FIR के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई नहीं

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें