
देहरादून : उत्तराखंड में पंचायत चुनाव अब निर्णायक दौर में है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं और प्रचार अभियान तेज़ कर दिया गया है। भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बूथ-बूथ पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है, वहीं प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता ने हमेशा राष्ट्रवाद और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी लोग विकास को आधार बनाकर वोट करेंगे। सीएम धामी ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं पहुंचाना है, और यही विश्वास जनता के साथ रिश्ते को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा या स्थानीय निकाय – हर चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को समर्थन और आशीर्वाद दिया है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि पंचायत चुनाव में भी भाजपा को भारी जनसमर्थन मिलेगा और यह जनादेश विकास यात्रा को नई रफ्तार देगा।