सीएम भगवंत मान का विपक्ष पर हमला, बोले– कांग्रेस और अकाली दल को नहीं मिले मजबूत उम्मीदवार

चंडीगढ़ : पंजाब में पंचायत समिति की 351 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें 340 सीटों पर आम आदमी पार्टी, 8 सीटों पर निर्दलीय और 3 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए। इन सीटों पर या तो नामांकन पत्रों में खामियों के चलते या फिर एकमात्र उम्मीदवार होने के कारण मुकाबला नहीं हो सका।

इन आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को चुनाव लड़ाने के लिए मजबूत उम्मीदवार ही नहीं मिले। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नामांकन दाखिल करने से रोकने या धक्का-मुक्की जैसे आरोप निराधार हैं।

चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कांग्रेस चुनाव लड़ने से पहले ही हार मान चुकी है। उन्होंने चन्नी के उस बयान को भी बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना बताया, जिसमें पहले से आम आदमी पार्टी की मुहर लगे बैलेट पेपर छापने का आरोप लगाया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठाती थी और अब बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव पर भी आपत्ति जता रही है। ऐसे में कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर चुनाव किस तरीके से कराए जाएं।

नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पंजाब के विकास से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये लोग राजनीति को मंडी बनाकर मुख्यमंत्री की कुर्सी के रेट बता रहे हैं और इसी वजह से अपनी ही पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर टिप्पणी करते हुए मान ने कहा कि जनता की ताकत ने उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रचार करने को मजबूर कर दिया है। जो लोग पहले पंचायत समिति चुनाव को गंभीरता से नहीं लेते थे, वे अब गांव-गांव जाकर वोट मांग रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अंत में मतदाताओं से अपील की कि 14 दिसंबर को होने वाले जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में पार्टी और उम्मीदवार की छवि को देखकर मतदान करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहती है, जबकि विपक्षी दल केवल सत्ता और स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें