
लखनऊ। योगी सरकार इस बार दुनियाभर में उत्तर प्रदेश दिवस मनाने की तैयारी में जुटी है। उत्तर प्रदेश दिवस 24 जनवरी को मनाया जाएगा। उससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को एक पाती लिख कर विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने की अपील करते हुए उप्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री याेगी ने अपने पत्र में लिखा है, ”मेरे सम्मानित प्रदेश वासियों, असीम संभावनाओं वाला हमारा प्रदेश संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमारू राज्य से भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन गया है।
दृढ़ संकल्प के साथ हमने कानून एवं सुशासन का राज स्थापित किया है। हमने जीरो पॉवर्टी लक्ष्य के साथ 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। 24 जनवरी को हम उत्तर प्रदेश दिवस मना रहे हैं। यह विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने का समय है। हम सबके संयुक्त प्रयासों से संकल्प से सिद्धि की यह यात्रा ऐसे ही गतिशील बनी रहेगी। सभी प्रदेश वासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं।”
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश का पहले नाम यूनाइटेड प्राेविंस था। आजादी के बाद 24 जनवरी, 1950 को इसका नाम बदलकर उत्तर प्रदेश कर दिया गया था। बाद में वर्ष 2018 से आधिकारिक तौर पर याेगी सरकार ने उत्तर प्रदेश दिवस मनाने की परंपरा शुरू की है।













