
बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे। 30 मार्च से शुरू हो रहे देवीपाटन मेला की तैयारियों का अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर व्यापक तैयारी की गई हैं।
मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर गुरुवार को अपराह्न 3:40 बजे मां पाटेश्वरी कॉलेज स्थित हेलीपैड पर पहुंचेगा। वहां से सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री देवीपाटन मंदिर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे अधिकारियों के साथ 30 मार्च से शुरू होने वाले एक महीने के मेले की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वह मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शुक्रवार को वह अयोध्या के लिए रवाना होंगे।
प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मां पाटेश्वरी जी का दर्शन-पूजन भी करेंगे। मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम तुलसीपुर अभय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।