पलिया, लखीमपुर खीरी। क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पलिया शारदा नदी के किनारे बाढ़ रोकथाम कार्यों का निरीक्षण करने हेतु प्रस्तावित दौरा, जो कि कल दिनांक 17 अप्रैल 2025 को निर्धारित था, अब अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित कर दिया गया है।
यह जानकारी पलिया क्षेत्र के विधायक रोमी साहनी ने दी। विधायक साहनी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा विशेष रूप से शारदा नदी में बाढ़ से सुरक्षा एवं रोकथाम हेतु चल रहे कार्यों की समीक्षा और जनता से संवाद के उद्देश्य से तय किया गया था।
कार्यक्रम के स्थगित होने की वजहों के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यह स्पष्ट किया गया है कि जैसे ही मुख्यमंत्री का नया कार्यक्रम तय होगा और प्रोटोकॉल के माध्यम से स्वीकृत होगा, क्षेत्र की जनता को तुरंत सूचित कर दिया जाएगा।
विधायक रोमी साहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी क्षेत्र की समस्याओं और बाढ़ से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। उनके मार्गदर्शन में बाढ़ सुरक्षा से संबंधित परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है। मुख्यमंत्री का दौरा स्थगित भले हुआ हो, लेकिन प्रशासनिक तैयारी और राहत कार्य पूरी तत्परता से जारी रहेंगे।
स्थानीय जनता को उम्मीद है कि जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नई तिथि के साथ पलिया दौरे पर आएंगे और क्षेत्र के विकास और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का जायजा लेंगे।