छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव: BJP ने बहुमत से जीती बाज़ी, सीएम विष्णुदेव साय की नगर पंचायत में मिली हार

छत्तीसगढ़ के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकतर सीटों पर विजय हासिल की, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा. इस परिणाम से यह स्पष्ट हो गया कि प्रदेश में BJP ने अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया है। नगर निगमों, नगर पंचायतों और स्थानीय निकाय चुनावों में एक बार फिर बीजेपी ने अपनी ताकत साबित की, और कांग्रेस को विधानसभा चुनाव की तरह यहां भी हार का सामना करना पड़ा।

हालांकि, बीजेपी की जीत के बावजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह क्षेत्र कुनकुरी में कांग्रेस ने चौंकाने वाली जीत दर्ज की, जहां कांग्रेस के विनयशील गुप्ता ने बीजेपी के सुदबल राम यादव को हराया। इसके बावजूद, राज्य के बाकी हिस्सों में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की, जो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उनकी सरकार की नीतियों को लोगों का समर्थन मिलने का संकेत है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बीजेपी की सफलता के पीछे मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किए गए लोक हितैषी योजनाओं, प्रभावी सुशासन और जमीनी स्तर पर किए गए विकास कार्य प्रमुख कारण रहे। वहीं, कांग्रेस को आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व संकट से जूझते हुए इस बार भी हार का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जीत पर प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीजेपी के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की जीत संगठन की कुशल रणनीति का परिणाम है और अब उनकी सरकार और अधिक उत्साह के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेगी।

रायपुर नगर निगम चुनाव के बारे में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि बीजेपी 10 नगर पालिकाओं में आगे है और करीब 80 प्रतिशत सीटों पर उनकी पार्टी का कब्जा है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम बताया, जिसके कारण राज्य में बीजेपी को यह भारी जीत मिली।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें