लखनऊ एयरपोर्ट पर अफरातफरी! 5 घंटे से ज्यादा की देरी से उड़ी फ्लाइट, रात 2 बजे के बाद हुआ टेकऑफ

Lucknow : लखनऊ एयरपोर्ट पर गुरुवार को इंडिगो एयरलाइन की 12 उड़ानें रद्द हो गईं। इसके अलावा कई उड़ानें घंटों देरी से चलीं। शाम से इंतजार कर रहे यात्रियों का सब्र टूट गया, और वे एयरपोर्ट लॉबी में हंगामा करने लगे। पैसेंजर्स ने आरोप लगाया कि इंडिगो ने फ्लाइट कैंसिल और लेट होने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी।

कई यात्री शाम को ही अमौसी पहुंचे, लेकिन उनकी फ्लाइट रात 2 बजे के बाद रवाना हुई। गुरुवार देर शाम और रात की उड़ानों में भी भारी देरी देखने को मिली। 3 से 5 घंटे तक उड़ानें विलंबित रहीं। उदाहरण के तौर पर, लखनऊ से बेंगलुरु के लिए रात 8:45 बजे की उड़ान (6E 6354) रात 11:35 बजे रवाना हुई। वहीं, रात 9:00 बजे दम्माम के लिए उड़ान (6E 97) देर रात 2:10 बजे निकली।

रात 9:20 बजे पुणे जाने वाली उड़ान (6E 118) रात 11:15 बजे भेजी गई। मुंबई के लिए उड़ान (6E 5201) रात 2:15 बजे रवाना हुई, कोलकाता (6E 6469) 1:45 बजे और हैदराबाद (6E 6166) 2:20 बजे उड़ान भरी। शारजाह की फ्लाइट (6E 1423) ने रात 11:25 बजे उड़ान भरी।

गोवा से आने वाली उड़ान (6E 6811) रात 12:20 बजे पहुंची, जबकि दम्माम से आने वाली फ्लाइट (6E 98) रात 1:30 बजे एयरपोर्ट पर उतरी। लगातार विलंब और उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे एयरपोर्ट पर पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो ने अपने पायलटों को 8 घंटे की जगह 12 घंटे की ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। पायलट इस आदेश से असंतुष्ट हैं और तय सीमा से अधिक काम करने से इनकार कर रहे हैं। इसी नाराजगी के कारण कई उड़ानें रद्द हो रही हैं और अन्य घंटों की देरी से संचालित हो रही हैं।

दरअसल, अहमदाबाद हादसे के बाद DGCA ने 1 नवंबर से सभी एयरलाइंस के लिए पायलटों और क्रू मेंबर्स के कामकाज से जुड़े सुरक्षा नियमों में बदलाव किए हैं। इन बदलावों का सबसे अधिक असर इंडिगो पर देखने को मिल रहा है। PTI के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली, मुंबई, लखनऊ समेत 10 से अधिक एयरपोर्ट से इंडिगो की 300 से अधिक फ्लाइट्स रद्द हुईं।

गुरुवार को भी इंडिगो ने लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों के लिए कई उड़ानें रद्द कर दीं। इन फ्लाइट्स में दुबई से आने वाली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट भी शामिल थी।

उड़ान कैंसिल होने की सूचना पहले नहीं दी गई। सुबह से ही यात्रियों के चेक-इन काउंटरों के बाहर कतारें लगी रहीं और वे फ्लाइट स्टेटस की जानकारी पूछते रहे, लेकिन किसी ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

कई यात्रियों ने समय पर जानकारी न मिलने की शिकायत की। दिल्ली के लिए टिकट बुक किए एक यात्री ने बताया कि कई घंटे इंतजार के बाद पता चला कि उसकी फ्लाइट ही कैंसिल हो चुकी है, जिससे उसके प्लान और मीटिंग प्रभावित हुईं।

दुबई से आने वाली फ्लाइट IX194 की सूचना भी कई घंटे बाद दी गई। कुछ लोग अपने रिश्तेदारों को रिसीव करने एयरपोर्ट आए थे, लेकिन अचानक इंटरनेशनल फ्लाइट का रद्द होना उनके परिवार की आगे की बुकिंग्स को प्रभावित कर गया और उनका पैसा बर्बाद हो गया।

यह भी पढ़े : जालौन : बारात लेकर गई प्राइवेट बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बस जलकर राख

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें