Chamoli : विवाह समारोह से लौटते समय दुर्घटना, कार ढलान पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी

देवाल (चमोली) : बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे मोपाटा सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष एंबुलेंस में अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ गया। इसके अलावा, एक युवती समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।

कार में सवार सभी लोग मोपाटा गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। समारोह में शामिल होने के बाद पांच लोग करीब एक किलोमीटर पैदल सड़क तक पहुंचे और वहां चौड़ गांव के नारायण सिंह की कार में सवार हो गए। बताया जा रहा है कि कार ढलान पर खड़ी थी और सवार होते ही अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे में मृतक:

  • बसंती देवी, 38 वर्ष, पत्नी कुंवर सिंह (चौड़ गांव)
  • मोहनी देवी, 48 वर्ष, पत्नी स्व. मान सिंह (चौड़ गांव)
  • भजन सिंह, 65 वर्ष, पुत्र वादर सिंह (चौड़ गांव) – एंबुलेंस में मौत

गंभीर रूप से घायल:

  • ज्योति, 22 वर्ष (कोटेड़ा गांव)
  • खिलाप सिंह, 63 वर्ष (चौड़ गांव)

थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेजा जा रहा है और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में बैठते समय गलती से गियर लग जाने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ हो सकता है। घटना की पूरी जांच-पड़ताल जारी है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें