
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बलदेव क्षेत्र के पास एक भीषण बस दुर्घटना हुई है, जिसमें लगभग 50 यात्री घायल हो गए। घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है, जब नोएडा से लखनऊ जा रही एक निजी बस माइलस्टोन 127 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 55 से 60 सवारियां मौजूद थीं।
हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बस में फंसे तीन यात्रियों को भी निकाल लिया गया है। यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना चालक के बदलने के बाद हुई हंसी-मजाक के कारण हुई, जिससे ड्राइवर का ध्यान भटक गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल भेजा। इसके अतिरिक्त, आठ घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भी भेजा गया है।
बताया गया है कि बस में करीब 60 से अधिक लोग सवार थे। हादसे के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर व कंडक्टर को पकड़ने की कोशिश कर रही है।












