
Bulandshahr : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में थाना अनूपशहर पुलिस ने बीती देर रात बुधवार को मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपित गैंगस्टर हैं। इस कार्यवाही में पुलिस की गोली लगने से दो आरोपित घायल हुए हैं, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तेजवीर सिंह ने बताया कि बीती रात थाना अनूपशहर पुलिस अलीगढ़ चौराहा पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस टीम ने पीछा किया। इस पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्यवाही की। इसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं तीसरे बदमाश को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कांबिंग में दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों में पैर में गोली लगने से हनी वर्मा और अनुज वर्मा घायल हुए हैं और उन पर 25—25 हजार का इनाम घोषित है। जबकि तीसरे की पहचान साथी अरविन्द निषाद के रुप में हुई है। तीनों आरोपित गैंगस्टर है।

एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अनुज वर्मा पर 17 मुक़दमें और हनी वर्मा पर 12 मुक़दमें दर्ज हैं। इनमें टप्पेबाज़ी, छिनैती, लूट और डकैती समेत अन्य अपराधिक मामले शामिल हैं। दोनों घायलों आरोपितों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इनके कब्जे से अवैध असलाह, कारतूस और बाइक बरामद करते हुए अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।










