
New Delhi : देशभर में सर्दी लगातार बढ़ रही है। पहाड़ी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर का प्रभाव है। सर्दी के कारण मध्य प्रदेश के 24, राजस्थान के 20 जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मध्य प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे है। सोमवार को छतरपुर का नौगांव सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के 7 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया। हिल स्टेशन माउंट आबू (सिरोही) में लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य पर दर्ज हुआ।
इधर, उत्तराखंड का मुनस्यारी सोमवार को सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। केदारनाथ में भारी बर्फबारी के बीच तापमान माइनस 23 डिग्री पहुंच गया। उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री में माइनस 21 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। यहां पानी की पाइपलाइन में बर्फ जम गई।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के ताबो और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में सोमवार रात साल की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। दोनों जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से करीब 10 डिग्री नीचे पहुंच गया। इससे झीलों, झरनों और नदियों की छोटी धाराओं में पानी जम गया।
कोहरे के कारण कई शहरों में उड़ान प्रभावित होने की आशंका
दिल्ली एयरपोर्ट ने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह 6 बजे यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें यात्रियों से फ्लाइट्स का रियल-टाइम ट्रैवल अपडेट चेक करने को कहा गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है।
इंडिगो एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन के मुताबिक दिल्ली, अमृतसर, भोपाल, चंडीगढ़, गुवाहाटी, वाराणसी, रांची और हिंडन एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी और कोहरे के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो सकता है।
अगले 2 दिन मौसम का हाल…
7 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में कोल्डवेव का अलर्ट।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का अलर्ट।
8 जनवरी: मैदानी राज्यों में बारिश
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट, कड़ाके की सर्दी रहेगी।
पहाड़ी राज्यों में तापमान और गिर सकता है। बर्फबारी जारी रहेगी।
मध्य प्रदेश : कोहरे के कारण 20 मीटर दूर देखना भी मुश्किल, 24 जिलों में स्कूल बंद; 6 शहरों में पारा 6 डिग्री से कम
इन दिनों पूरा मध्य प्रदेश घने कोहरे के आगोश में है। भोपाल, खजुराहो समेत कई शहरों में तो विजिबिलिटी इतनी कम है कि 20 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो रहा है। मंगलवार सुबह 30 से ज्यादा जिलों में कोहरे का असर रहा। भीषण सर्दी-कोहरे के कारण आज 24 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। सोमवार को पूरे राज्य में घना कोहरा, तेज सर्दी और शीतलहर चली। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 3.8 डिग्री पर आ गया। इसके अलावा 6 शहरों में पारा 6 डिग्री से कम रहा।
राजस्थान : जयपुर में कोहरे के कारण विजबिलिटी जीरो, 18 जिलों में शीतलहर-धुंध की चेतावनी; 20 जिलों में स्कूल बंद
राजस्थान में घने काेहरे के बाद चल रही शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। मंगलवार सुबह राजधानी जयपुर में कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो मीटर रही। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 7 जनवरी तक कोहरे और 9 जनवरी तक शीतलहर का असर रहने का अनुमान है। आज 18 जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 20 जिलों में 8वीं क्लास तक स्कूलों में छुट्टी की गई है
उत्तराखंड : 3 जिलों में बर्फबारी के आसार, केदारनाथ में तापमान -23°C, पहाड़ों में पाला गिरा; गंगोत्री में नदी-नाले जमे
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में मंगलवार को बर्फबारी की आशंका है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत, पौड़ी, और देहरादून के मैदानी इलाकों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले सोमवार को केदारनाथ में भारी बर्फबारी हुई, जिससे यहां का तापमान -23°C पहुंच गया है। उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री में नदी-नाले जम गए हैं।
बिहार : 30 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट, 8 जनवरी से और बढ़ेगी सर्दी; गयाजी में 5.5 डिग्री पारा, पूरे राज्य में सबसे कम
बिहार में कड़ाके की सर्दी बढ़ते ही जा रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 30 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। 8 जनवरी से मौसम और बिगड़ सकता है। इस दौरान घना कोहरा और सर्दी बढ़ेगी। पटना समेत कई जिलों के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को गयाजी में सबसे ज्यादा सर्दी महसूस हुई। यहां न्यूनतम तापमान सबसे कम, 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़े : बस्ती शहर में ठंड का कहर: जनजीवन अस्त-व्यस्त, आवागमन और कारोबार पर पड़ा व्यापक असर















