
मुंबई : महाराष्ट्र में शहरी सरकारों की दिशा तय करने वाले बीएमसी चुनाव 2026 समेत 29 नगर निगमों के लिए आज मतदान जारी है। सुबह से ही मुंबई सहित विभिन्न शहरों के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 5:30 बजे तक चलेगी।
बीएमसी चुनाव का राजनीतिक महत्व
बीएमसी चुनाव राज्य की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं। वर्ष 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद यह पहला बड़ा शहरी चुनाव है, जिसमें उद्धव ठाकरे मुंबई में अपना खोया हुआ राजनीतिक प्रभाव दोबारा स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अपने चचेरे भाई राज ठाकरे के साथ गठबंधन किया है। वहीं, भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन पिछले विधानसभा चुनावों में मिली सफलता के बाद अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहता है।

29 नगर निगमों में हो रहा मतदान
जिन नगर निगमों में आज मतदान हो रहा है, उनमें मुंबई के अलावा
ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगांव, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर शामिल हैं।
बीएमसी के 227 वार्डों में 1700 उम्मीदवार
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 227 वार्डों में करीब 1,700 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुंबई में 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मुंबई पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहरभर में बैरिकेडिंग, वाहनों की जांच और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
- चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए कई पहल की हैं।
- महिलाओं द्वारा संचालित ‘पिंक पोलिंग बूथ’ बनाए गए हैं
- वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं
- नेताओं और हस्तियों ने किया मतदान, जनता से की अपील
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुणे में मतदान के बाद कहा कि पुणे की जनता विकास के लिए वोट करती है और भाजपा के मेयर का बनना तय है।
भाजपा नेता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि मतदान हर नागरिक का प्राथमिक कर्तव्य है।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित सातम ने विकसित और सुरक्षित मुंबई के लिए मतदान की अपील की।
पूर्व राज्यपाल राम नाइक ने गोरेगांव में मतदान किया और चुनाव को ऐतिहासिक बताया।
अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा ने अंधेरी में वोट डालकर लोकतंत्र में भागीदारी निभाई।

शिवसेना नेता शायना एनसी ने मतदाताओं से गड्ढा मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त मुंबई के लिए वोट देने की अपील की।
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने नागपुर में मतदान कर इसे प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया।
अभिनेता अक्षय कुमार ने मुंबईवासियों से अपील की कि “डायलॉगबाजी नहीं, बाहर निकलकर वोट डालें।
ठाकरे बंधुओं के लिए अग्निपरीक्षा
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह चुनाव ठाकरे बंधुओं के लिए बड़ी अग्निपरीक्षा है। नतीजे यह तय करेंगे कि मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति में उनका प्रभाव अभी भी बरकरार है या नहीं।















