शिमला में जेपी नड्डा के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, करेंगे नए कार्यालय का शिलान्यास

शिमला : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर भाजपा ने तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने शुक्रवार को शिमला में भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय के प्रस्तावित शिलान्यास स्थल का निरीक्षण किया। शनिवार सुबह 10 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, उर्वरक एवं रसायन मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। नड्डा के शिमला दौरे को लेकर भाजपा नेताओं में ख़ासा उत्साह है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नड्डा का यह पहला हिमाचल दौरा है। उन्होंने बताया कि पीटरहॉफ मैदान में हजारों कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिंदल ने कहा कि नवनिर्मित कार्यालय का शिलान्यास भाजपा संगठन में नई ऊर्जा भरेगा और यह कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण दिशा तय करेगा।

कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि “तीन साल का उनका पूरा कार्यकाल केवल बीजेपी पर आरोप लगाने और राजनीतिक कटाक्ष करने में बीत गया। करोड़ों रुपये खर्च कर आयोजित सरकारी कार्यक्रम में भी जनता और विकास से जुड़े मुद्दे गायब रहे। न कोई उपलब्धि गिनाई गई और न भविष्य की कोई ठोस योजना दिखाई दी।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार न तो अपने पिछले वादे पूरे कर सकी और न नए संकल्पों पर जनता का विश्वास जगा पा रही है।

प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने भी कांग्रेस के तीन साल के संकल्प कार्यक्रम को “तू-तू मैं-मै का मंच” करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश और देश में पतन की ओर बढ़ रही है क्योंकि उसके नेता जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय गांधी परिवार की परिक्रमा में लगे रहते हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि “ऐसी पार्टी से प्रदेश का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता, इसलिए जनता कांग्रेस से भरोसा खो चुकी है।”

भाजपा नेताओं ने कहा कि नड्डा के शिमला आगमन को लेकर पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। भाजपा का यह कार्यक्रम संगठन की मजबूती, विकास नीति के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के विश्वास को और मजबूत करने का संदेश देगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें