
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भारत में स्वतंत्रता के शुरुआती वर्षों में, विशेषकर नेहरू और इंदिरा गांधी के दौर में, भारतीय सरकार ने अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) के साथ मिलकर हिमालय में नंदा देवी पर्वत पर न्यूक्लियर जासूसी उपकरण लगवाए थे।

दुबे ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट (एक्स) में कहा कि यह ऑपरेशन कई फेज में किया गया था। उनका दावा है कि पहली बार यह कार्य 1964 में हुआ, जब नेहरू भारत के प्रधानमंत्री थे। उसके बाद 1967 और 1969 में, जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, भी इसी तरह के जासूसी उपकरण लगाए गए।
उन्होंने कहा, “नेहरू जी ने 1964 में और इंदिरा जी ने 1967 तथा 1969 में अमेरिका की सीआईए के साथ मिलकर हिमालय की नंदा देवी पर चीन के खिलाफ न्यूक्लियर पावर वाले सर्विलांस उपकरण लगाए थे।”
दुबे का आरोप है कि इन जासूसी उपकरणों को लगाने के बाद, जब अमेरिकी एजेंसी भाग गई, तो सारा उपकरण वहीं छोड़ दिया गया। उनका दावा है कि यही वजह है कि उत्तराखंड से लेकर बंगाल तक गंगा के किनारे रहने वाले लोगों में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिमालय में स्थित ग्लेशियर भी इसी वजह से पिघल रहे हैं, बादल फट रहे हैं और घरों में दरारें आ रही हैं। उनका यह भी दावा है कि 1978 में, उस समय के प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने लोकसभा में इस बात को माना था।
दुबे ने कहा कि हाल ही में अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया है। साथ ही, उन्होंने 1978 में अमेरिकी संसद के सदस्यों द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति को लिखे गए एक पत्र की कॉपी भी साझा की, जिसमें हिमालय में एक सीक्रेट सीआईए ऑपरेशन और प्लूटोनियम-पावर्ड सर्विलांस डिवाइस की रेडियोएक्टिव लीक के बारे में चिंता जताई गई थी।
उस पत्र में कहा गया था कि यह डिवाइस हिमालय में कहीं खो गई है और इससे रेडियोएक्टिव मैटर का लीक होने का खतरा है। अमेरिकी सांसदों ने अपने सरकार से इस मामले की पूरी जांच करने और यदि दावे सही पाई जाती हैं तो जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया था।
दुबे का आरोप है कि नेहरू-गांधी परिवार ने विदेशी ताकतों के सामने आत्मसमर्पण कर देश के हितों से समझौता किया, जिससे पर्यावरण, किसानों और आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक नुकसान हुआ।
इससे पहले, 14 जुलाई को भी दुबे ने इसी मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए नंदा देवी पर्वत के पास अमेरिकी न्यूक्लियर डिवाइस की भूमिका पर सवाल उठाए थे।
यह भी पढ़े : स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, अचानक पहुंची पुलिस; लड़के-लड़कियां समेत 15 लोग गिरफ्तार















