भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, सीएम योगी ने जताया दुख

BJP MLA Shyam Bihari Lal Death : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को असामयिक निधन हो गया। घटना उस समय हुई जब वे बरेली सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। तत्काल ही उन्हें मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

डॉ. श्याम बिहारी लाल का जन्म 1 जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पी.एच.डी. की उपाधि प्राप्त की थी और वह विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर भी थे। उन्होंने 2017 में पहली बार फरीदपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और विजेता रहे। वह अपने मेहनत और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं।

वह अपने 60वें जन्मदिन पर ही शुक्रवार को अपने परिवार और समर्थकों के साथ जश्न मना रहे थे। घटना के समय वे सर्किट हाउस में मौजूद थे। दोपहर करीब साढ़े दो बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल सहयोगियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके निधन की पुष्टि की। अस्पताल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया कि उनकी बीपी और पल्स नहीं चल रहा था; उन्होंने सीपीआर भी दी, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के फरीदपुर के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जनहित में समर्पित भाजपा के एक कर्मठ नेता थे, जिनके जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने शोक संदेश में लिखा, “उत्तर प्रदेश के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से अत्यंत दुःख हुआ। वे जमीन से जुड़े, कर्मठ और सरल स्वभाव के कार्यकर्ता थे। उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, “उत्तर प्रदेश के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता थे। उनका जाना हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, “बरेली के फरीदपुर से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।”

भाजपा सांसद अरुण गोविल ने अपने शोक संदेश में लिखा, “बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा से पार्टी के दूसरी बार विधायक, आदर्श विद्यार्थी परिषद के दायित्वधारी श्याम बिहारी लाल के असामयिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकग्रस्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। समर्थकों और नेताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने शोक संदेश में कहा, “डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन से अत्यंत दुःख हुआ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।” उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

यह भी पढ़े : अश्लीलता परोस रहा Grok! केंद्र सरकार ने X को लगाई फटकार, मांगी एक्शन रिपोर्ट

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें