
- अपने आवास पर चारपाई पर बैठे थे गुलफाम सिंह, तीन बाइक सवारों ने दिया घटना को अंजाम
- पेट में इंजेक्शन लगाकर बाइक सवार हुए फरार
जुनावई/संभल। संभल के गुन्नौर क्षेत्र के भाजपा नेता गुलफाम सिंह की अज्ञात बाइक सवारों द्वारा पेट में इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई। भाजपा नेता की मृत्यु के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जुनावई क्षेत्र के दफ्तरा गांव निवासी 65 वर्षीय गुलफान सिंह सोमवार को अपने घर चारपाई पर बैठे हुए थे। उसी समय बाइक पर तीन युवक आए।
जिन्होंने बीजेपी नेता गुलफाम सिंह के पेट में जहरीला इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद वह तड़पने लगे तो उन्हें सीएचसी ले जाया गया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में भाजपा नेता ने दम तोड़ दिया।
घटना को अंजाम देकर बाइक सवार तीनों युवक के फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। मृत्यु के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी ने बताया कि इंजेक्शन देकर तीन बाइक सवारों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में गुलफाम सिंह ने दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस, खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे –
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी की और इंजेक्शन देने के बाद फरार हुए तीन बाइक सवारों की जांच में जुटी हुई है। एसपी ने बताया कि घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों के जरिए युवकों की जांच की जा रही है।
यह था गुलफाम सिंह का राजनीतिक सफर……
भाजपा नेता गुलफान सिंह बीते दशकों से राजनीति में रहे। वे अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व सदस्य भी थे। विधानसभा चुनाव 2022 में संभल विधानसभा के प्रभारी भी रहे। उनका बेटा दिव्य प्रकाश जुनावई ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख रहा है। भाजपा नेता की पत्नी जावित्री भी लगातार गांव की तीन बार से ग्राम प्रधान हैं , और वर्तमान में भी ग्राम प्रधान हैं। इतना ही नहीं बीते 2004 में गुन्नौर विधानसभा के लिए हुए उप चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के सामने भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़े थे। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पश्चिम उत्तर प्रदेश भी रहे हैं। भाजपा के महामंत्री के पद पर तथा आरआरएस के जिला कार्यवाह भी रहे।