यूपी में बीजेपी की नजर नए चेहरों पर, योगी सरकार से होगी कुछ मंत्रियों की छुट्टी! मंथन जारी…

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई में नए जिलाध्यक्षों की सूची को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर रहे हैं। इस चर्चा में सिर्फ जिलाध्यक्षों के नाम ही नहीं, बल्कि यूपी में मंत्रिमंडल में समायोजन के लिए संभावित चेहरों के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा, वे बोर्ड, निगम और आयोगों में रिक्त पदों पर भी विचार कर रहे हैं।

हाल ही में विनोद तावड़े ने बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल से उन भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम पर चर्चा की, जिनका मंत्रिमंडल और अन्य पदों पर समायोजन किया जा सकता है।

बीजेपी जिलाध्यक्षों के मामले में सूत्रों का कहना है कि विनोद तावड़े की मौजूदगी में पार्टी ने 98 में से 65-70 जिलों में जिलाध्यक्षों के नाम तय कर लिए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शनिवार को बीजेपी हाईकमान की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद इस सूची का सार्वजनिक किया जा सकता है।

फरवरी के अंतिम सप्ताह में प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की संभावना जताई जा रही है। इस मुद्दे पर विनोद तावड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से राय-मशविरा किया है, और रिपोर्ट तैयार होने के बाद दिल्ली भेजी जाएगी। जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव प्रक्रिया में भी तेजी आएगी, जिसमें पीयूष गोयल की भूमिका अहम होगी।

दूसरी ओर, यूपी सरकार में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होने की संभावना है। विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वहीं, कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। यूपी सरकार में 60 मंत्री बनने का प्रावधान है, जिनमें 21 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 19 राज्यमंत्री हैं, यानी कुल 54 मंत्री हैं, जिसके चलते अभी 6 मंत्री पद खाली हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें