
नई दिल्ली, हरियाणा के पानीपत में महिलाओं के लिए सबसे बड़ी सौगात है पीएम मोदी की ओर से पानीपत में एलआईसी बीमा सखी योजना का किया शुभारंभ. आपको बता दें कि इस कार्यक्रम के संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के एक दशक बाद इसी से बहनों-बेटियों के लिए ‘बीमा सखी योजना’ का प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारा पानीपत नारीशक्ति की प्रतीक भूमि बन गया है।
साथ ही प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार ने बीते 10 वर्षों में नारी सशक्तीकरण के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत 2047 तक विकसित होने के संकल्प के साथ चल रहा है। उन्होंने कहा कि नारी को सशक्त करने के लिए बहुत आवश्यक है कि उन्हें आगे बढ़ने के खूब अवसर मिलें, उनके सामने से हर बाधा हटे। मोदी ने कहा, “आज महिला सशक्तिकरण की दिशा में भारत एक और मजबूत कदम उठा रहा है। आज का दिन और भी वजहों से विशेष है। आज 9 तारीख है, शास्त्रों में 9 अंक को बहुत शुभ माना जाता है। 9 अंक नवदुर्गा की नव शक्तियों से जुड़ा है। 9 दिसंबर को ही संविधान सभा की पहली बैठक हुई थी। ऐसे समय में जब देश संविधान की 75वीं वर्षगांठ का महोत्सव मना रहा है, 9 दिसंबर की ये तारीख हमें समानता और विकास को सर्वस्पर्शी बनाने की प्रेरणा देती है। कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव चल रहा है। मैं गीता की धरती को नमन करता हूं। हरियाणा ने जिस तरह से ‘एक है तो सुरक्षित है’ के मंत्र को अपनाया है, वह पूरे देश के लिए एक मिसाल है।”
कहा कि लंबे समय तक हमारे देश में ऐसे अनेक काम थे, जो महिलाओं के लिए वर्जित थे। भाजपा की हमारी सरकार ने बेटियों के सामने से हर बाधा को हटाने की ठानी है। उन्होंने कहा कि आजादी के 60-65 साल बाद भी अधिकतर महिलाओं के पास बैंक खाते नहीं थे। हमारी सरकार ने सबसे पहले माताओं-बहनों के जनधन खाते खुलवाए। आज जनधन योजना से 30 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते खुले हैं। उन्होंने कहा कि आज लाखों बेटियों को बीमा एजेंट, बीमा सखी बनाने का अभियान शुरू हो रहा है यानि जिस सेवा का लाभ पाने से कभी वो वंचित रहीं, आज उसी सेवा से दूसरे लोगों को जोड़ने का जिम्मा उन्हें दिया जा रहा है।















