
नूरपुर, बिजनौर। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र के गांव राजा का ताजपुर निवासी महिला पूजा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब ग्यारह वर्ष पूर्व थानाक्षेत्र बिजनौर के गांव गंज निवासी कुलदीप सिंह के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन उसकी ससुराल वाले खुश नहीं थे और अतिरिक्त दहेज व नकदी की मांग करते हुए उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करते रहते थे।
महिला का कहना है कि उसका पति जागरण में काम करता है। महिला का आरोप है कि जागरण में काम करने वाली एक युवती से उसके संबंध हैं। महिला ने इसका विरोध किया तो उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। महिला का कहना है कि इस दौरान उसके पिता ने उसके पति को करीब डेढ़ लाख रुपये दिए, लेकिन उनकी डिमांड बढ़ती रही।
महिला का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व उसके पति कुलदीप, ससुर उमेश कुमार, सास बेबी, नन्द शिवानी, देवर दीपक व संदीप ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया था। पीड़ित महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यह भी पढ़े : घोड़ी पर चढ़ा दूल्हा! 1090 से आई कॉल ने रोकी शादी, 4 दिन बाद विदा हुई दुल्हन… पुलिस ने कहा…













