
Nahtaur, Bijnor : नूरपुर मार्ग पर गांव आंकू के पास मुठभेड़ में भैंस चोरी के मामले में संलिप्त एक अभियुक्त को पकड़ने का पुलिस ने दावा किया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त समाचार के अनुसार नहटौर क्षेत्र के गांव तुराबनगर निवासी सुनील कुमार की करीब 10 दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने भैंस चोरी कर ली थी। पुलिस इसी मामले में जांच–पड़ताल में जुटी हुई थी और बुधवार की सुबह करीब 2:00 बजे नूरपुर मार्ग पर आंकू चौकी के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। पुलिस का दावा है कि एक ऑटो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन ऑटो चालक नहीं रुका और बूढ़पुर की ओर जाने लगा।
पुलिस टीम द्वारा उसका पीछा किया गया तो उक्त व्यक्ति द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार किया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने अपना नाम गुल्लू उर्फ शाहबाज पुत्र मुर्तजा निवासी गांव गवड़ी पनियाला, थाना नूरपुर बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने गांव के दो साथियों के साथ भैंस चोरी की थी। भैंस चोरी करने के बाद काटकर उसका मांस बेच दिया गया था। वह क्षेत्र में पशु चुराकर कटान के बाद मांस की सप्लाई करने का काम करते हैं। वह खंडसाल क्षेत्र में अपने दो साथियों से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई भैंस के बचे हुए ₹12,000, एक तमंचा 315 बोर, कारतूस, पशु कटान के उपकरण और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। थाना अध्यक्ष धीरज नागर का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान घायल अभियुक्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।










