
छपरा, बिहार। सारण जिले के छपरा-बनियापुर पथ पर बसडिला गांव के मुख्य सड़क पर शनिवार रात बदमाशों ने मुखिया के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बसडिला गांव निवासी स्व. रामनरेश सिंह के 22 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। सूरज की मां मंजू देवी वर्तमान में सगड़ी पंचायत की मुखिया हैं। बताया जाता है कि युवक जमीन का कारोबार करता था।
गोली लगते ही युवक गिर पड़ा
बताया जाता है कि शनिवार की रात सूरज कुमार सिंह अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर बसडिला गांव के मुख्य सड़क पर गया था। इसी दौरान बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं गिर पड़ा।
आसपास के लोगों ने तुरंत उसे छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। यह इलाका जलालपुर व मुफस्सिल थाना क्षेत्र का सीमा क्षेत्र है, जिसको लेकर पुलिस में भी घटनास्थल को लेकर संशय है।
पटना ले जाते समय रास्ते में मौत
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। उसे एंबुलेंस से पटना ले जाया जा रहा था कि इसी दौरान दिघवारा के पास उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वैष्णो देवी गए थे स्वजन, घर पर अकेला था
बताया जाता है कि मृतक सूरज के स्वजन इन दिनों वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए हुए थे। घटना के समय सूरज घर पर अकेला था। परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है और वे लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।
अस्पताल पहुंचकर एएसपी ने ली जानकारी
घटना की सूचना पर एएसपी रामकुमार सिंह स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जलालपुर थाने के पुलिस से पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। इस वारदात से पूरे जलालपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े : दहेज के लिए पति बना हैवान! शादी में मिली स्कॉर्पियो फिर भी मांग रहे थे 35 लाख, बहू को जिंदा जला दिया