
Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के लिए दूसरे चरण का नामांकन प्रक्रिया आज छठे दिन में है। इस चरण में कुल 122 सीटों पर नामांकन लिए जा रहे हैं, और अंतिम तारीख 20 अक्टूबर तय की गई है। माना जा रहा है कि आज कई प्रत्याशी अपने नामांकन प्रस्तुत करेंगे।
इस बीच, बिहार दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि, “तो फिर बिहार में एक चरण में चुनाव करवा लीजिए। जहां पांच चरणों में चुनाव होते हैं, वहां क्या जंगल राज है? महाराष्ट्र या उत्तर प्रदेश में इतने चरण क्यों होते हैं? नीतीश कुमार को नजरबंद किया गया है… पिछले बार गृह मंत्री ने कहा था कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे। अब वह ऐसा क्यों नहीं कह रहे हैं? यह एक साजिश है, और यह बात नीतीश कुमार भी जानते हैं।”
उधर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि, “वह विदेश यात्रा कर रहे हैं, देश का दौरा कर रहे हैं, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बिहार क्यों नहीं आ रहे हैं।”
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपने बैठक को लेकर कहा, “… हमारा लक्ष्य 100% स्ट्राइक रेट हासिल करना है। हमने चर्चा की कि हम झूठे आख्यान से कैसे बचेंगे और केवल विकास के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करेंगे।”
वहीं, राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बिहार तभी याद आता है जब चुनाव आते हैं। जनता ने राजद को सबसे बड़ी पार्टी चुनी है। यह (एनडीए) लोग 20 साल से सत्ता में हैं, लेकिन अपनी उपलब्धियां तक नहीं गिना सकते। इन्हें बताना चाहिए कि अभी तक विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं मिला, विशेष पैकेज क्यों नहीं मिला। अब बिहार तेजस्वी सरकार को समर्थन देगा, जो नौकरियों की भरमार लाएगी।”
बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “जनता और मतदाता देख रहे हैं कि जब राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और अन्य का महागठबंधन सीट बंटवारे को लेकर लड़ सकता है, तो सरकार कैसे चला सकते हैं? एनडीए में भाजपा, जदयू, रालोसपा और लोजपा ने पहले सीटों का बंटवारा किया और फिर उम्मीदवारों की घोषणा की। मतदाता अब समझ रहे हैं कि एनडीए बिहार में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है।”
यह भी पढ़े : नरक चतुर्दशी का रहस्य… दीपावली पर भगवान राम की जगह क्यों होती है लक्ष्मी जी की पूजा