
Bihar : हाजीपुर में राजापाकड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसीमा कल्याणपुर गांव में आइसक्रीम के रुपए को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस महुआ थाना एवं स्थानीय थाना की पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। जिसमें महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हमला करने वाले लोगों ने एक दरोगा का पिस्टल एवं राइफल छीन लिया। हालांकि स्थानीय जनप्रतिनिधि के दबाव में पिस्टल और राइफल को ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधि के माध्यम से पुलिस के हवाले कर दिया। हमलावरों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।मौके पर अफरातफरी मच गई।
हादसे की सूचना पर आसपास के कई थाने की पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तीन व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली एसपी ललित मोहन शर्मा, एसडीपीओ संजीव कुमार सहित कई थानों की पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत करने में जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार चौसिमा कल्याणपुर गांव स्थित फकीर टोला में गत देर रात आइसक्रीम के पैसे को लेकर आइसक्रीम बेचने वाले एवं स्थानीय युवकों के साथ विवाद हुआ। घटना की जानकारी डायल 112 की पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी।
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस कर्मियों ने महुआ थाना एवं स्थानीय थाने के पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना अध्यक्ष राजेश रंजन पुलिस बल एवं पदाधिकारी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। आइसक्रीम के रुपए को लेकर विवाद कर रहे युवक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने लगा।
युवक को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसमें महुआ थाना अध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सभी पुलिस कर्मियों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर के द्वारा सभी घायल पुलिस कर्मियों का इलाज किया गया। गांव में भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।
राजापाकड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुई हाट गांव में आइसक्रीम बेचने वाला आया था, उस आइसक्रीम खरीदने को लेकर कुछ विवाद हुआ। उसके साथ मारपीट कर दी गई थी। उसने 112 को सूचना दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उपद्रवियों ने पुलिस के गाड़ी एवं पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उसके बाद पुलिस लाइन से क्यूआरटी भेजा गया। उसके बाद पुलिस ने तीन व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
वैशाली, एसपी ललित मोहन शर्मा ने कहा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को छोड़ने को लेकर पुलिस टीम पर पुनः हमला किया गया। कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उसके बाद हम लोग लगातार घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। इसी दौरान एक सब इंस्पेक्टर का पिस्टल वहीं गिर गया। जिसकी खोजबीन की जा रही है। आइसक्रीम बेचने वालों के साथ मारपीट करने वाले तीन व्यक्ति को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।