
पटना : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार, 6 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे, जिसमें 6 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
14 लाख नए वोटर पहली बार करेंगे मतदान
चुनाव आयोग ने बताया कि इस बार बिहार में कुल मतदाता 7.43 करोड़ हैं। 30 सितंबर को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की गई थी। किसी भी गलती या छूटा हुआ नाम, नॉमिनेशन से 10 दिन पहले तक जोड़ा जा सकता है। इस चुनाव में 14 लाख नए वोटर पहली बार वोट डालेंगे।
छठ पर्व के बाद मतदान
चुनाव आयोग ने बिहार की चुनाव प्रक्रिया 22 नवंबर 2025 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा है। सभी राजनीतिक दलों ने पहले ही मांग की थी कि मतदान छठ पर्व के बाद कराया जाए।
पिछले चुनाव की तुलना
पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में तीन चरणों में हुए थे (20 अक्टूबर – 7 नवंबर), जबकि 2015 में 5 चरणों में मतदान हुआ था। इस बार वोटर्स की संख्या 6% घटकर 7.41 करोड़ हुई है। फाइनल लिस्ट से 69.29 लाख नाम कटे और 21.53 लाख नए नाम जोड़े गए।
मुख्य मुकाबला NDA और महागठबंधन के बीच
बिहार चुनाव में 100 से ज्यादा पार्टियां हिस्सा लेंगी, लेकिन मुख्य मुकाबला NDA और महागठबंधन के बीच होगा। NDA इस बार नीतीश कुमार के नेतृत्व और चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। वहीं महागठबंधन में CM फेस अभी तय नहीं है, हालांकि RJD तेजस्वी यादव को CM फेस बता रही है। इसके अलावा जनसुराज के मुखिया प्रशांत किशोर भी इस बार चुनावी मैदान में नजर आएंगे।