भोपाल : कक्षा 1 में नामांकन 19.6% बढ़ा, ड्रॉपआउट दर शून्य; बुक फेयर और नई स्कूल योजनाएं लागू

MP : भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर हाल में सोमवार को स्कूली शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर शिक्षा और परिवहन विभाग की उपलब्धियां गिनाई। इस अवसर पर दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

शिक्षा विभाग की उपलब्धियां

मंत्री ने बताया कि प्रवेश उत्सव के माध्यम से स्कूलों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष 100% पाठ्यपुस्तकें समय पर स्कूलों तक पहुंचाई गईं। कक्षा 1 में नामांकन में 19.6%, जबकि सरकारी स्कूलों में 32.4% की वृद्धि हुई। कक्षा 9 से 12 तक नामांकन में 4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई और वर्ष 2024–25 में ड्रॉपआउट दर शून्य हो गई।

उन्होंने आगे बताया कि:

  • अब हर विकासखंड में बुक फेयर आयोजित किए जाएंगे, जहां छात्र सस्ती दरों पर किताबें खरीद सकेंगे।
  • प्रदेश में 30,281 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
  • 275 संदीपनी और 799 पीएमश्री स्कूल मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किए जा रहे हैं।
  • 3,367 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू हो चुकी है।
  • पाठ्यपुस्तकें स्थानीय भाषाओं—मालवी, बुंदेलखंडी और निमाड़ी—में भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
  • राजगढ़ और नरसिंहपुर में आदि शंकराचार्य गुरुकुल और भोपाल में बहुमंजिला शिक्षा भवन का निर्माण प्रस्तावित है।

परिवहन विभाग की प्रमुख पहलें

परिवहन मंत्री ने बताया कि जनवरी 2025 से सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का लाभ आम जनता को मिलेगा। प्रमुख पहलें इस प्रकार हैं:

  • ई-ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन और सारथी पोर्टल पर कई सेवाएं उपलब्ध।
  • इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैक्स पूरी तरह माफ।
  • पुराने वाहन स्क्रैप कराने पर टैक्स में छूट
  • ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, सतना, सिंगरौली, उज्जैन और देवास में ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन स्थापित।
  • 1 जुलाई 2024 से चेकपोस्ट बंद, चलित व्यवस्था लागू। डेढ़ साल में करीब 6% कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई।

मंत्री ने जनता से अपील की कि सभी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, और दलालों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और परिवहन सेवाओं को सरल, पारदर्शी व डिजिटल बनाने पर है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें