
स्वतंत्रता दिवस की सुबह, पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले के फागुपुर में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण बस दुर्घटना हुई। इस हादसे में 10 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मृत्यु हो गई, जिनमें दो महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं।
इसके अलावा, करीब 25 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से 3-4 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे, गंगासागर में पवित्र स्नान कर लौट रहे यात्रियों से भरी एक वाल्वो बस दुर्गापुर की ओर तेज गति से जा रही थी।
फागुपुर के पास, बस एक खड़े डंपर के पीछे तेज रफ्तार में जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों ने आवाज सुनकर चौंक गए और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बर्द्धमान जिला पुलिस के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो महिला यात्रियों सहित 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है, और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।















